पंजाब में कमजोर मॉनसून से बढ़ी गर्मी, अगले 2-3 दिन ऐसा रहेगा मौसम
लुधियाना: पंजाब में मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। कई इलाकों में बारिश हो रही है, जबकि कई लोग अभी भी चिलचिलाती गर्मी से परेशान हैं। पिछले कुछ दिनों से पंजाब में मॉनसून कमजोर बना हुआ है। कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो रही है, लेकिन मॉनसून पर अल-नीनो का असर भी देखने को मिल रहा है, जिसके चलते गर्मी अधिक महसूस हो रही है। अगले दो-तीन दिनों तक मौसम का मिजाज इसी तरह रहने की संभावना है।
यह जानकारी लुधियाना स्थित पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी के मौसम विभाग की ओर से साझा की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, कल अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि आज न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। लुधियाना में अगस्त महीने के दौरान अब तक 190.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। हालांकि, दिन का तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगस्त में अब तक सामान्य से कम बारिश हुई है। आने वाले दिनों में पंजाब के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है, जबकि अधिकांश इलाकों में मौसम साफ रहने का अनुमान है। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के बीच लोगों को अपनी सेहत का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।