Jalandhar: ट्रांसफॉर्मर में लगी भीषण आग, इलाके में मची अफरा-तफरी
धोगड़ी रोड पर ट्रांसफॉर्मर में लगी भीषण आग, इलाके में मची अफरा तफरी
जालंधर: धोगड़ी रोड पर सोमवार को बिजली के खंभे पर लगे ट्रांसफॉर्मर में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट के बाद ट्रांसफॉर्मर में आग भड़की। तेज हवाओं के कारण आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप धारण कर लिया और बिजली के खंभे को भी अपनी चपेट में ले लिया।
आग की लपटें देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। स्थानीय निवासियों ने तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड और बिजली विभाग के अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम दो दमकल गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंची। कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर काबू पाया और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित किया।
फायर ब्रिगेड अधिकारी नरेश कुमार ने बताया कि कंट्रोल रूम को धोगड़ी रोड पर बिजली के खंभे पर लगे ट्रांसफॉर्मर में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना के तुरंत बाद टीम को मौके पर भेजा गया, जहां दमकल कर्मियों ने आग बुझाई। उन्होंने बताया कि आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
आग लगने के कारण इलाके की बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई और कुछ समय के लिए बिजली बंद करनी पड़ी। बिजली विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और आपूर्ति बहाल करने की प्रक्रिया शुरू की।