प्रेम संबंधों की शिकायत करने गए व्यक्ति की लाठी से हमला कर हत्या, 5 लोगों पर केस

📍 स्थान / Location: बाघापुराना 🗂️ विषय / Category: पंजाब / Punjab 📹 accused arrested 📅 August 23, 2026

मोगा: जिले के थाना बाघापुराना के अधीन आते गांव समाधभाई में बेटे के प्रेम संबंधों की शिकायत करने गए एक व्यक्ति पर कथित तौर पर लाठी से हमला कर दिया गया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल मोगा पहुंचाया। पुलिस ने दो महिलाओं समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी जनक राज शर्मा ने बताया कि मृतक की पहचान करीब 50 वर्षीय शमिंदर सिंह निवासी गांव समाधभाई के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच के अनुसार शमिन्दर सिंह के बेटे के पड़ोस में रहने वाली एक युवती के साथ प्रेम संबंध बताए जा रहे थे। इसी बात को लेकर शमिन्दर सिंह पड़ोस में रहने वाले लोगों के घर शिकायत करने गया था।

पुलिस के अनुसार, शिकायत को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले लोगों ने शमिन्दर सिंह पर लाठी से हमला कर दिया। लाठी सिर पर लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर गया। गंभीर चोट के कारण उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही थाना बाघापुराना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल मोगा भेज दिया।

थाना प्रभारी जनक राज शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामले में निर्मल सिंह, बूटा सिंह, लखबीर सिंह समेत दो महिलाओं के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और घटना के पीछे रहे पूरे विवाद का पता लगाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।

Scroll to Top