हरपाल सिंह चौहान और लखविंदर सिंह उसमा को मार्केट कमेटियों का चेयरमैन किया नियुक्त
जंडियाला गुरु: पंजाब सरकार द्वारा आज हरपाल सिंह चौहान को मार्केट कमेटी गेहरी मंडी और लखविंदर सिंह उसमा को मार्केट कमेटी मेहता का चेयरमैन नियुक्त किया गया है।
प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री एवं विधानसभा हलका जंडियाला गुरु के विधायक स. हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने दोनों नवनियुक्त चेयरमैनों को बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में मार्केट कमेटियां किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने और मंडियों के सुचारू प्रबंधन में अहम भूमिका निभाएंगी।
लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि पार्टी द्वारा इन कार्यकर्ताओं को दिया गया यह सम्मान उनकी लंबे समय से की जा रही मेहनत, लगन और पार्टी के प्रति समर्पण का सम्मान है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नवनियुक्त चेयरमैन अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और तनदेही से करेंगे।
इस अवसर पर स. हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने नवनियुक्त चेयरमैनों को बधाई देने के साथ-साथ मार्केट कमेटी गेहरी मंडी के पहले रहे चेयरमैन सूबेदार छनाख सिंह और मार्केट कमेटी मेहता के पहले रहे चेयरमैन डॉ. गुरविंदर सिंह को भी विशेष तौर पर सम्मानित किया।
स. हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा कि दोनों पूर्व चेयरमैनों ने अपने कार्यकाल के दौरान मार्केट कमेटियों की जिम्मेदारियों को बखूबी निभाया और अपनी सेवाओं के माध्यम से किसानों तथा क्षेत्रवासियों की बेहतरी के लिए योगदान दिया। उन्होंने कहा कि दोनों नेता भविष्य में भी पार्टी को अपनी सेवाएं देते रहेंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार किसानों की भलाई और मंडियों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है तथा इस दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।