लुधियाना में बेकाबू कार ने कई वाहनों को मारी टक्कर, युवती घायल, चालक गिरफ्तार
लुधियाना: जिले के व्यस्त समराला चौक पर रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेज रफ्तार कार ने कई वाहनों को टक्कर मार दी। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
बताया जा रहा है कि कार चालक कथित तौर पर नशे की हालत में था। बेकाबू कार ने एक ऑटो रिक्शा को भी अपनी चपेट में ले लिया। वहीं, चौक के पास खड़ी एक लड़की भी हादसे में घायल हो गई।
हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन राहगीरों ने उसे घेरकर पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने चालक की पिटाई भी कर दी। मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर चालक को भीड़ से बचाया और क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर थाना डिवीजन नंबर-7 के हवाले कर दिया है। पुलिस उसका मेडिकल टेस्ट करवा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हादसे के समय वह नशे में था या नहीं। घायल लड़की को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे से जुड़े लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।