कोटकपूरा से धार्मिक स्थलों के लिए रवाना हुईं तीर्थयात्रियों की बसें

📍 स्थान / Location: Faridkot 🗂️ विषय / Category: पंजाब / Punjab 📹 Kotkapura News 📅 August 23, 2026 🌐 GPS: Faridkot

कोटकपूरा : पंजाब विधानसभा के स्पीकर एस. कुलतार सिंह संधवान ने मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत कोटकापुरा के जलालेआना रोड और हरी नो रोड स्थित दूधधारी डेरा से श्रद्धालुओं को लेकर जाने वाली बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर स्पीकर संधवान ने कहा कि पंजाब सरकार की इस योजना का उद्देश्य प्रदेश के विभिन्न वर्गों के लोगों को देश के प्रमुख धार्मिक एवं पवित्र स्थलों के दर्शन का अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि योजना के तहत श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान परिवहन सहित आवश्यक सुविधाएं सरकार की ओर से उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों की यात्रा पर होने वाला खर्च कई परिवारों के लिए चुनौती बन जाता है। मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना ऐसे परिवारों के लिए राहत का माध्यम बन रही है और उन्हें बिना अतिरिक्त आर्थिक बोझ के तीर्थ स्थलों की यात्रा करने का अवसर मिल रहा है।

स्पीकर ने बसों में सवार श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए उनकी यात्रा के सुरक्षित, सुखद और सफल रहने की कामना की। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार सभी धर्मों और लोगों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करती है तथा जनकल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है।

यात्रा पर रवाना हुए श्रद्धालुओं ने भी सरकार और स्पीकर एस. कुलतार सिंह संधवान का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के कारण उन्हें सुविधाजनक तरीके से धार्मिक स्थलों के दर्शन करने का अवसर मिल रहा है।

कार्यक्रम के दौरान अजय मौर्य (एमसी), सरबजीत कौर (एमसी), डेरा बाबा दूधधारी के गीता नंद गिरी महाराज, दूधधारी कमेटी के सदस्य मलकीत सिंह, बख्शीश सिंह, सनी कुमार, साहिल, गुरविंदर सिंह, वरिंदर पाल, गोबिंद, शमिंदर सिंह, करनवीर सिंह, प्रभ दयाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।

Scroll to Top