आखिरी टिकट ने बदली किस्मत, 7 रुपये की लॉटरी से जीता 3 लाख का इनाम
मोगा: किस्मत कब और किस रूप में किसी का दरवाजा खटखटा दे, इसका किसी को पता नहीं होता। मोगा में भी एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां महज 7 रुपये की लॉटरी टिकट ने जसप्रीत सिंह की किस्मत बदल दी। जिस टिकट को वह सामान्य तौर पर खरीदकर घर ले गया था, उसी पर 3 लाख रुपये का इनाम निकल आया। इनाम निकलने की खबर मिलते ही जसप्रीत सिंह और उसके परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
जानकारी के अनुसार, प्रताप रोड पर मंदिर के सामने लॉटरी स्टॉल चलाने वाले संचालक ने बताया कि उसके पास बीते दिन लॉटरी की अंतिम दो टिकटें बची हुई थीं। इनमें से एक टिकट जसप्रीत सिंह ने खरीद ली। बाद में जब टिकट की जांच की गई तो पता चला कि इसी टिकट पर 3 लाख रुपये का इनाम निकला है।
लॉटरी स्टॉल संचालक ने बताया कि उसकी स्टॉल से इससे पहले भी कई लोगों के इनाम निकल चुके हैं। इनमें 3 लाख रुपये और 50 हजार रुपये तक के इनाम भी शामिल हैं। उसने कहा कि किसी व्यक्ति के चेहरे पर इनाम निकलने के बाद आने वाली खुशी देखना उसके लिए भी बेहद खुशी की बात है। स्टॉल संचालक ने इसे भोलेनाथ की कृपा बताते हुए कहा कि भगवान की मेहर से ही उसकी स्टॉल से लोगों की किस्मत चमक रही है।
पिता ने कहा- टिकट चेक करवाकर देखो, शायद किस्मत चमक जाए
इनाम जीतने वाले जसप्रीत सिंह ने बताया कि उसके पिता ने उसे लॉटरी लेने के लिए भेजा था। वह लॉटरी स्टॉल से 7 रुपये की टिकट खरीदकर घर लौट आया। घर पहुंचने के बाद उसके पिता ने उससे कहा कि टिकट चेक करवाकर देखो, शायद किस्मत चमक जाए। जसप्रीत सिंह ने बताया कि जब टिकट चेक करवाई गई तो पता चला कि उस पर 3 लाख रुपये का इनाम निकल चुका है। यह खबर मिलते ही परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई और घर का माहौल जश्न में बदल गया।
जसप्रीत सिंह ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उसके लिए यह बेहद यादगार पल है। उसने बताया कि वह इससे पहले भी दो-तीन बार लॉटरी टिकट खरीद चुका है, लेकिन इस बार किस्मत ने उसका साथ दिया और उसकी टिकट पर 3 लाख रुपये का इनाम निकल आया।जसप्रीत सिंह ने कहा कि इतनी बड़ी राशि का इनाम निकलना उसके लिए किसी खुशी से कम नहीं है। उसने इस खुशी के लिए लॉटरी स्टॉल संचालक का भी धन्यवाद किया।
उसने बताया कि वह इनामी राशि का इस्तेमाल जरूरी और परिवार से जुड़े कामों के लिए करने की कोशिश करेगा।जसप्रीत सिंह के अनुसार, उसके पिता की एक छोटी-सी सलाह के बाद टिकट चेक करवाने पर मिली यह खुशखबरी पूरे परिवार के लिए यादगार बन गई। महज 7 रुपये की टिकट से मिले 3 लाख रुपये के इस इनाम ने न केवल जसप्रीत सिंह की किस्मत चमकाई, बल्कि उसके परिवार की खुशियां भी दोगुनी कर दीं।