ईटीओ का अकाली नेताओं पर पलटवार, बोले- विकास नहीं देख सकते कुछ लोग

🗂️ विषय / Category: पंजाब / Punjab 📹 Amritsar 📅 August 22, 2026 🌐 GPS: अमृतसर

अमृतसर: कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने आज पत्रकार वार्ता के दौरान पंजाब में सड़कों के निर्माण को लेकर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि भगवंत मान सरकार के कार्यकाल में पंजाब में सड़कों का इतना बड़ा नेटवर्क तैयार किया जा रहा है, जितना पहले कभी नहीं हुआ।

ईटीओ ने आरोप लगाया कि कुछ शरारती तत्व गलत तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर डालकर सरकार को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बठिंडा में सड़क का निर्माण कार्य चल रहा था, लेकिन हरसिमरत कौर बादल और बिक्रम सिंह मजीठिया ने अधूरे काम की तस्वीरें डालकर सरकार पर निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि जब निर्माण कार्य चल रहा हो तो मौके पर पहुंचकर वीडियो बनाना और गलत प्रचार करना विकास में बाधा डालने जैसा है। ईटीओ ने कहा कि कुछ लोगों को पंजाब में हो रहा विकास रास नहीं आ रहा और वे जनता में गलत अफवाहें फैला रहे हैं।

उन्होंने हरसिमरत कौर बादल और सुखबीर सिंह बादल को चुनौती देते हुए कहा कि वे कल सुबह 11 बजे बठिंडा की उसी सड़क पर पहुंचेंगे। ईटीओ ने कहा कि यदि सड़क को हाथ से तोड़ा जा सकता है तो वह ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार पंजाब के विकास के लिए लगातार काम कर रही है, लेकिन अकाली दल के नेताओं को यह विकास दिखाई नहीं दे रहा।

Scroll to Top