फगवाड़ा में मोबाइल छीनकर भाग रहे तीन युवक पकड़े, लोगों ने की पिटाई
फगवाड़ा : फगवाड़ा में मोबाइल फोन छीनकर भाग रहे तीन युवकों को लोगों ने पीछा कर पकड़ लिया। तीनों आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार थे और घटना के बाद फरार होने की कोशिश कर रहे थे। पकड़े जाने के बाद मौके पर जुटी भीड़ ने उनकी पिटाई कर दी, जिसके बाद पुलिस ने तीनों को हिरासत में ले लिया।
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित सुरजीत सिंह मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान भुल्लाराई चौक के पास बाइक सवार तीन युवकों ने कथित तौर पर उनका मोबाइल फोन छीन लिया और वहां से निकल गए। सुरजीत सिंह ने उनका पीछा किया और बस स्टैंड के नजदीक तीनों युवकों को पकड़ लिया।
युवकों के पकड़े जाने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान कुछ लोगों ने आरोपियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तीनों युवकों को अपने कब्जे में ले लिया।
बताया जा रहा है कि फगवाड़ा के नवनियुक्त एसीपी मेजर सिंह भी उस समय वहां से गुजर रहे थे। उन्होंने मौके पर रुककर घटना की जानकारी ली और पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले के बारे में जानकारी हासिल की।
पुलिस ने तीनों युवकों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि झपटमारी और चोरी की घटनाओं में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।