ई-रिक्शा चालकों पर प्रशासन की सख्ती, नियमों की अनदेखी पर होगी कार्रवाई
लोगों की ओर से पिछले लंबे समय से ई-रिक्शाओं संबंधी मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन मोगा ने अब ई-रिक
मोगा: लोगों की ओर से पिछले लंबे समय से ई-रिक्शाओं संबंधी मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन मोगा ने अब ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। डिप्टी कमिश्नर मोगा सागर सेतिया और एसएसपी मोगा सरताज सिंह चहल के दिशा-निर्देशों के तहत आरटीओ मोगा सतविंदर पाल सिंह रणीके की अगुवाई में परिवहन विभाग और मोगा पुलिस की ओर से संयुक्त रूप से ई-रिक्शाओं की विशेष चेकिंग मुहिम चलाई गई।
इस अभियान के दौरान एआरटीओ मोगा शमिंदर सिंह मान, ट्रैफिक इंचार्ज इंस्पेक्टर सुखमंदर सिंह तथा पीसीआर मोगा के इंचार्ज के.सी. पराशर की अगुवाई में शहर के विभिन्न स्थानों पर ई-रिक्शाओं को रोककर उनके जरूरी दस्तावेजों तथा ट्रैफिक नियमों की पालना की जांच की गई।
लोगों से मिल रही थी शिकायतें
अधिकारियों ने बताया कि ई-रिक्शाओं को लेकर आम लोगों की ओर से लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। इनमें ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने, गलत स्थानों पर ई-रिक्शा खड़े करने तथा सड़कों पर यातायात में बाधा उत्पन्न करने जैसी शिकायतें शामिल हैं। इन शिकायतों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन की ओर से विशेष चेकिंग अभियान शुरू किया गया है, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाया जा सके और आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बर्दाश्त नहीं की जाएगी लापरवाही
चेकिंग के दौरान अधिकारियों ने ई-रिक्शा चालकों को ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी। उन्हें स्पष्ट किया गया कि सड़क पर यातायात प्रभावित करने वाली किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
सिफारिश के आधार पर नहीं मिलेगी कोई छूट
एआरटीओ शमिंदर सिंह मान ने स्पष्ट किया कि चेकिंग अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की सिफारिश नहीं मानी जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून सभी के लिए बराबर है और नियमों की अनदेखी करने वाले किसी भी व्यक्ति को सिफारिश या प्रभाव के आधार पर कोई छूट नहीं दी जाएगी। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाना और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
लगातार जारी रहेगा अभियान
परिवहन विभाग तथा पुलिस अधिकारियों ने कहा कि आने वाले दिनों में भी ई-रिक्शाओं की चेकिंग का यह अभियान लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों ने ई-रिक्शा चालकों से अपील की कि वे अपने वाहनों के सभी जरूरी दस्तावेज पूरे रखें और सड़क पर वाहन चलाते समय ट्रैफिक नियमों का पालन करें। साथ ही प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कोई ई-रिक्शा चालक ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करता है तो इसकी सूचना संबंधित विभाग या पुलिस को दी जाए, ताकि यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में सहयोग मिल सके।