नावीधार में ग्रामीणों को मिली स्वास्थ्य सुविधा, 118 की जांच और 112 के एक्स-रे
करसोग: ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग करसोग की ओर से ग्राम पंचायत नावीधार में एक दिवसीय आयुष्मान आरोग्य शिविर आयोजित किया गया। राज्य सरकार के निर्देशों के तहत आयोजित इस शिविर में स्थानीय ग्रामीणों को उनके घर-द्वार के नजदीक ही विभिन्न स्वास्थ्य जांच, एक्स-रे और चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा मिली।
शिविर के दौरान 118 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जबकि 112 लोगों के एक्स-रे किए गए। करसोग अस्पताल को उपलब्ध करवाई गई पोर्टेबल एक्स-रे मशीन के माध्यम से मौके पर ही एक्स-रे की सुविधा प्रदान की गई। इससे ग्रामीणों को जांच के लिए दूर जाने की परेशानी से राहत मिली।
बीपी और शुगर समेत कई जांचें
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर में 118 लोगों के ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर की जांच की। इसके अलावा एचआईवी, हेपेटाइटिस-बी, हेपेटाइटिस-सी और सिफलिस से संबंधित 42 जांचें भी की गईं। जांच के बाद चिकित्सकों ने मरीजों को आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श दिया तथा जरूरत के अनुसार दवाइयां भी उपलब्ध करवाईं।
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को पहुंचाने पर जोर
खंड चिकित्सा अधिकारी करसोग डॉ. गोपाल चौहान ने कहा कि सरकार के निर्देशों के अनुसार स्वास्थ्य विभाग द्वारा दूरदराज और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों का उद्देश्य लोगों को उनके नजदीकी क्षेत्र में ही आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना है।
उन्होंने कहा कि करसोग अस्पताल को मिली पोर्टेबल एक्स-रे मशीन ग्रामीण क्षेत्रों में मरीजों के लिए काफी उपयोगी साबित हो रही है। इसके माध्यम से शिविरों में ही जरूरतमंद मरीजों की एक्स-रे जांच संभव हो रही है। डॉ. चौहान ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग के लिए स्थानीय ग्रामीणों और ग्राम पंचायत नावीधार की प्रधान स्नेहा ठाकुर का आभार व्यक्त किया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दी सेवाएं
शिविर में नागरिक चिकित्सालय करसोग के डॉ. अजय कुमार, पीएचसी महोग की डॉ. दीक्षा, हेल्थ सुपरवाइजर दया नंद, सीनियर ट्रीटमेंट सुपरवाइजर लोभ चंद, एक्स-रे टेक्नीशियन जय सिंह, काउंसलर नंदा, सीएचओ सराहन रंभा, सीएचओ तेबन मोनिका सहित आशा कार्यकर्ताओं ने अपनी सेवाएं दीं।
शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर स्वास्थ्य जांच, एक्स-रे, चिकित्सकीय सलाह और आवश्यक दवाइयों की सुविधा उपलब्ध हुई, जिससे स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना की।