मॉनसून की बारिश से मोगा जलमग्न, निचले पुल और बाजारों में भरा पानी।

📍 स्थान / Location: मोगा 🗂️ विषय / Category: खेल / Sports 📹 Full Video / पूरा वीडियो 📅 August 21, 2026

मॉनसून की बारिश से मोगा जलमग्न, निचले पुल और बाजारों में भरा पानी।

रेलवे फाटक बंद होने और निचले पुल में पानी भरने से लोगों की बढ़ी परेशानी, जल निकासी के पुख्ता प्रबंध करने की मांग।

मोगा, 21 अगस्त (दलीप कुमार) मॉनसून की दस्तक के बाद शुक्रवार सुबह से हो रही बारिश ने जहां लोगों को गर्मी और उमस से राहत दी, वहीं मोगा शहर के कई इलाकों में जलभराव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। लगातार हो रही बारिश के कारण शहर के निचले इलाकों, बाजारों और सड़कों पर पानी जमा हो गया, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ।
शहर के निचले पुल में बारिश का पानी भरने के कारण यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके अलावा प्रताप रोड सहित कई बाजारों और निचले क्षेत्रों में सड़कों पर पानी खड़ा होने से राहगीरों और दुकानदारों को भी दिक्कतें आईं। कई स्थानों पर लोगों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा। शहरवासियों ने बताया कि निचले पुल में पानी भरने के साथ यदि रेलवे फाटक भी बंद हो जाए तो लोगों के लिए आने-जाने के रास्ते सीमित हो जाते हैं। ऐसी स्थिति में स्कूली बच्चों, दुकानदारों, राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है।लोगों ने प्रशासन से मांग की कि बरसात के मौसम को देखते हुए शहर के निचले इलाकों में जल निकासी के पुख्ता प्रबंध किए जाएं। जहां आवश्यकता हो, वहां पंपों के माध्यम से पानी की निकासी करवाई जाए। साथ ही निचले पुलों और प्रमुख सड़कों पर पानी जमा न हो, इसके लिए पहले से प्रभावी व्यवस्था की जाए, ताकि बारिश के दौरान आम लोगों को आवागमन में परेशानी न उठानी पड़े।

Scroll to Top