कुल्लू में नशे के नेटवर्क पर पुलिस की नजर, 28 पंचायतों में हुई ग्राउंड लेवल पड़ताल

📍 स्थान / Location: Kullu 🗂️ विषय / Category: हिमाचल / Himachal 📹 Drug network 📅 August 21, 2026 🌐 GPS: Kullu

कुल्लू: राज्य सरकार के निर्देशानुसार एंटी-चिट्टा ड्राइव फेज-II के तहत जिला कुल्लू पुलिस द्वारा ज़िले की 28 चिन्हित अति संवेदनशील ग्राम पंचायतों में विशेष अभियान चलाया गया । अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं पुलिस कर्मचारियों ने संबंधित पंचायतों में आयोजित नशा निवारण समितियों (NNCs) की बैठकों में सक्रिय रूप से भाग लिया।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक कुल्लू अभिषेक सेकर (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कुल्लू मनमोहन सिंह (हि.पु.से.), उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) कुल्लू राजेश कुमार (हि.पु.से.), उप-मंडलीय पुलिस अधिकारी मनाली विक्रांत बोंसरा (हि.पु.से.) तथा उप-मंडलीय पुलिस अधिकारी आनी राजीव मेहता (हि.पु.से.) सहित संबंधित थाना प्रभारी एवं पुलिस कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्राधिकार की चिन्हित पंचायतों में उपस्थित रहे।

फील्ड विजिट के दौरान पुलिस अधिकारियों ने नशा निवारण समितियों के सदस्यों, नवनिर्वाचित पंचायती राज प्रतिनिधियों, स्थानीय निवासियों तथा अन्य हितधारकों के साथ सीधे संवाद किया। इस दौरान क्षेत्रों में नशे की समस्या, संभावित संवेदनशील एवं रेड-जोन स्थानों, नशे के प्रसार तथा तस्करी से जुड़ी स्थानीय चुनौतियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई और आवश्यक कार्रवाई के संबंध में विचार-विमर्श किया गया।

अधिकारियों ने पंचायत प्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों को नशे के दुष्प्रभावों, नशा तस्करी की रोकथाम तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण में सामुदायिक भागीदारी के प्रति जागरूक किया। प्रत्येक पंचायत में “चिट्टा वॉलंटियर” के नामांकन तथा संवेदनशील/रेड-जोन क्षेत्रों की नियमित समीक्षा एवं अद्यतन करने पर विशेष जोर दिया गया ।

कुल्लू पुलिस द्वारा फील्ड विजिट के दौरान प्राप्त सुझावों एवं चिन्हित समस्याओं के आधार पर संबंधित विभागों एवं स्थानीय समुदाय के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। यह अभियान नशे के विरुद्ध पुलिस एवं समुदाय की साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है ।

कुल्लू पुलिस की आम जनता से अपील है कि नशे के अवैध कारोबार, तस्करी अथवा सेवन से संबंधित किसी भी जानकारी को बिना किसी भय के पुलिस के साथ साझा करें। नशे के विरुद्ध लड़ाई में समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है । सामूहिक प्रयासों से ही “नशा मुक्त कुल्लू” के संकल्प को साकार किया जा सकता है ।

Scroll to Top