वंदे मातरम् पर कांग्रेस के फैसले का भाजपा ने किया कड़ा विरोध, अखिलेश कपूर बोले- राष्ट्र से बड़ा कोई दल नहीं

📍 स्थान / Location: Kullu 🗂️ विषय / Category: हिमाचल / Himachal 📹 Akhilesh Kapoor 📅 August 20, 2026 🌐 GPS: KULLU

कुल्लू: कांग्रेस की राष्ट्रीय कार्यसमिति द्वारा राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ को लेकर लिए गए फैसले का भारतीय जनता पार्टी ने कड़ा विरोध जताया है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अखिलेश कपूर ने इस निर्णय को अत्यंत निंदनीय बताते हुए कहा कि कांग्रेस ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उसके लिए पार्टी का निर्णय राष्ट्र की अस्मिता, राष्ट्रीय भावना और देश के सम्मान से भी बड़ा है।

अखिलेश कपूर ने कहा कि वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत की राष्ट्रीय चेतना, स्वतंत्रता संग्राम और करोड़ों देशवासियों की राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। ऐसे राष्ट्रभावना से जुड़े विषय पर कांग्रेस का 1937 के कार्यसमिति प्रस्ताव को आधार बनाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि गुलामी के कालखंड की परिस्थितियों और मुस्लिम लीग के दवाव में लिए गए निर्णय को आजाद भारत में राष्ट्रभावना से ऊपर रखना कांग्रेस की सोच पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि 28 से 30 अक्टूबर 1937 को कलकत्ता में हुई कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में वंदे मातरम् को लेकर निर्णय लिया गया था। उस समय देश अंग्रेजी शासन के अधीन था। कपूर ने कहा कि उस दौर की राजनीतिक परिस्थितियों में लिए गए फैसले को आधार बनाकर आजाद भारत में राष्ट्रगीत के दो अंतरे गाने क़े निर्णय को सही ठहराना कांग्रेस की तुष्टिकरण की सोच को दर्शाता है।

कपूर ने कहा कि 6 अप्रैल 1938 को जवाहरलाल नेहरू द्वारा मोहम्मद अली जिन्ना को लिखे पत्र में भी वंदे मातरम् छोड़ने सहित मुस्लिम लीग की विभिन्न मांगों का उल्लेख मिलता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इतिहास के उस अध्याय से सबक लेना चाहिए, न कि आज उसे अपनी राजनीतिक दलील का आधार बनाकर राष्ट्रगीत के सम्मान पर सवाल खड़े करने चाहिए।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कांग्रेस से सीधा सवाल किया कि क्या किसी राजनीतिक दल की 1937 की कार्यसमिति का प्रस्ताव आजाद भारत के राष्ट्रहित, संविधान और राष्ट्रीय सम्मान से बड़ा हो सकता है? उन्होंने कहा कि कांग्रेस को देश के सामने स्पष्ट करना चाहिए कि उसके लिए राष्ट्र सर्वोपरि है या पार्टी का गुलामी क़े कालखंड का पुराना प्रस्ताव।

अखिलेश कपूर ने कहा कि राष्ट्र से बड़ा कोई दल नहीं हो सकता। वंदे मातरम् किसी राजनीतिक पार्टी की संपत्ति नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों की मातृभूमि के प्रति श्रद्धा और राष्ट्रभक्ति की अभिव्यक्ति है। कांग्रेस को पार्टी की राजनीति से ऊपर उठकर राष्ट्र की अस्मिता और सम्मान को सर्वोच्च स्थान देना चाहिए।

Scroll to Top