मोगा में बेसमेंट में गायें मिलने के बाद विवाद, दोनों पक्षों में पथराव; तीन घायल
मोगा: जिले के गांव लंडेके में उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब गायों को एक मकान की बेसमेंट में रखे जाने की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे निहंग सिंहों और दूसरे पक्ष के लोगों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में ईंट-पत्थर चलने लगे। इस घटना में तीन लोगों के घायल होने की जानकारी है, जिनमें एक युवक के हाथ में गंभीर चोट आने के कारण उसे फरीदकोट रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, मोगा गौ सेवा समिति के प्रधान विकास कूपर को किसी व्यक्ति ने सूचना दी थी कि लंडेके में एक मकान की बेसमेंट में गायों को रखा गया है और वहां से उनकी तस्करी किए जाने की आशंका है। सूचना मिलने के बाद वह कुछ निहंग सिंहों तथा अपने अन्य साथियों के साथ मामले की सच्चाई पता करने के लिए मौके पर पहुंचे। वहां सड़क किनारे स्थित एक मकान की बेसमेंट में दो-तीन गायें खड़ी दिखाई दीं।
इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस हो गई। विवाद बढ़ने पर एक पक्ष ने निहंग सिंहों पर ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए, जिसके बाद दूसरे पक्ष की ओर से भी जवाबी पथराव किया गया। मौके पर मौजूद लोगों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जिसमें दोनों पक्षों के बीच पथराव होता दिखाई दे रहा है।घटना में तीन लोगों के घायल होने की सूचना है। इनमें एक युवक के हाथ में गंभीर चोट लगने के कारण उसे उपचार के लिए फरीदकोट रेफर किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी गुरप्रीत सिंह पुलिस पार्टी के साथ अस्पताल पहुंचे और दोनों पक्षों से बातचीत कर उनके बयान दर्ज किए।डीएसपी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि प्रधान विकास कूपर को लंडेके में एक मकान की बेसमेंट में गायें रखे जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद वह कुछ निहंग सिंहों और अन्य सदस्यों के साथ मौके पर सच्चाई पता करने गए थे।
इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया और ईंट-पत्थर चलने से दो-तीन लोग घायल हुए हैं। पुलिस द्वारा दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और तथ्यों के आधार पर अगली कार्रवाई की जाएगी।