खन्ना में बिजली व्यवस्था होगी और मजबूत, 55 लाख की लागत से 66 केवी पावर स्टेशन का आधुनिकीकरण
ऊर्जा मंत्री सौंद ने खन्ना में 55 लाख रुपये की लागत से 66 केवी बिजली संयंत्र का उद्घाटन किया।
खन्ना/लुधियाना, 20 अगस्त: पंजाब के बिजली मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने खन्ना में 66 केवी पावर स्टेशन पर करीब 55 लाख रुपये की लागत से पूरा किए गए आधुनिकीकरण कार्यों का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि नए ढांचागत बदलावों से खन्ना शहर और आसपास के इलाकों में बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता और विश्वसनीयता बेहतर होगी तथा वोल्टेज संबंधी समस्याओं में भी कमी आएगी।
मंत्री ने बताया कि परियोजना के तहत पुराने 11 केवी ब्रेकरों को हटाकर सात नए ब्रेकर लगाए गए हैं। इसके अलावा वोल्टेज को बेहतर बनाए रखने के लिए नया कैपेसिटर बैंक और विद्युत व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बस कपलर स्थापित किया गया है।
कई इलाकों और संस्थानों को मिलेगा फायदा
इन सुधार कार्यों का लाभ खन्ना के कई प्रमुख बाजारों और रिहायशी क्षेत्रों को मिलेगा। सिटी-2 फीडर से जुड़े करनैल सिंह रोड, जीटीबी बाजार, सुभाष बाजार, पुरानी सराय, शिवाला मंदिर, गोलू बाजार और चांदला बाजार समेत कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति अधिक स्थिर होने की उम्मीद है।
इसी तरह फ्रेंड्स कॉलोनी फीडर के अंतर्गत आने वाले फ्रेंड्स कॉलोनी, ग्रीन एन्क्लेव, न्यू खन्ना सिटी, बुलेपुर, प्रेस्टिन मॉल रोड, बुलेपुर रोड, कृष्णा नगर, गुलमोहर नगर, अमलोह रोड, सब्जी मंडी, सनी एन्क्लेव, सूर्या एन्क्लेव, भगत सिंह कॉलोनी और राधा एन्क्लेव के उपभोक्ताओं को भी इसका लाभ मिलेगा।
अस्पताल फीडर के तहत कोर्ट कॉम्प्लेक्स, एसएसपी कार्यालय, सिविल अस्पताल और एसडीएम कार्यालय जैसे महत्वपूर्ण संस्थानों को भी पहले की तुलना में अधिक भरोसेमंद बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इसके अलावा सलाना दुल्ला सिंह, सलाना दारा सिंह और सलाना जीवन सिंह क्षेत्रों में भी बिजली व्यवस्था मजबूत होगी।
बढ़ती मांग को देखते हुए ट्रांसफॉर्मर क्षमता बढ़ाई जा रही
बिजली मंत्री ने कहा कि खन्ना शहर में बढ़ती बिजली मांग को देखते हुए नए ट्रांसफॉर्मर लगाने के साथ-साथ पुराने ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता भी बढ़ाई जा रही है। कई स्थानों पर 100 केवीए के ट्रांसफॉर्मर लगाए गए हैं, जबकि जरूरत वाले क्षेत्रों में 200 केवीए क्षमता के ट्रांसफॉर्मर लगाए या अपग्रेड किए जा रहे हैं।
भगत सिंह कॉलोनी, टावर वाली भगत सिंह कॉलोनी, मॉडल टाउन रोड स्थित सरकारी स्कूल के पास, मार्केट कमेटी कार्यालय के नजदीक वाटर टैंक, पाल सिंह मंडी वाला आनंद नगर और एलएचएस कॉलेज के सामने स्थित कॉलोनी में ट्रांसफॉर्मर की क्षमता बढ़ाने का काम किया गया है।
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य बिजली के बुनियादी ढांचे को लगातार मजबूत करना और बढ़ती मांग के अनुरूप उपभोक्ताओं को बेहतर एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराना है। इसके लिए राज्यभर में ट्रांसफॉर्मर और अन्य विद्युत उपकरणों की क्षमता बढ़ाने पर भी काम किया जा रहा है।