करोड़ों की जीएसटी बोगस बिलिंग मामले में DGGI ने की कार्रवाई, स्टील कारोबारी केके गर्ग और बेटा गिरफ्तार

📍 स्थान / Location: लुधियाना 🗂️ विषय / Category: पंजाब / Punjab 📹 DGGI 📅 August 20, 2026 🌐 GPS: लुधियाना

लुधियाना: करोड़ों रुपये की जीएसटी बोगस बिलिंग के मामले में डायरेक्टोरेट जनरल आफ जीएसटी इंवेस्टिगेशन (डीजीजीआई) ने शारू स्टील के संचालक केके गर्ग और उनके बेटे को गिरफ्तार किया है। गर्ग आल इंडिया फर्नेस एसोसिएशन, लुधियाना के अध्यक्ष भी हैं। इस कार्रवाई के बाद लुधियाना और मंडी गोबिंदगढ़ की स्टील फर्नेस इंडस्ट्री से जुड़े कारोबारियों में हलचल बढ़ गई है।

अनुमान लगाया जा रहा है कि जीएसटी से जुड़े कथित बोगस बिलिंग मामले में विभाग की जांच के बाद यह कार्रवाई की गई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार किसी कारोबारी सौदे में पीछे से जीएसटी का बिल उपलब्ध नहीं होने को लेकर विभाग की जांच इन तक पहुंची। हालांकि, मामले में वास्तविक लेनदेन, बिलिंग और कर देनदारी से जुड़े तथ्यों की विस्तृत जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

राजस्व जुटाने के लगाए आरोप

वर्ल्ड एमएसएमई के अध्यक्ष बदीश जिंदल ने इस कार्रवाई को लेकर केंद्रीय जीएसटी अधिकारियों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राजस्व जुटाने के उद्देश्य से अधिकारियों की ओर से इस तरह की कार्रवाई की गई है। हालांकि, यह उनका आरोप है और विभाग की ओर से मामले में जांच के आधार तथा गिरफ्तारी को लेकर विस्तृत आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।

Scroll to Top