स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से पंजाबवासियों को मिल रहा निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण इलाज: गुरशरण सिंह छीना

📍 स्थान / Location: Amritsar 🗂️ विषय / Category: पंजाब / Punjab 📹 Amritsar 📅 August 20, 2026 🌐 GPS: Amritsar

अमृतसर:  मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा लोगों को गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए चलाई जा रही “मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना” के तहत 900 से अधिक सरकारी एवं सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में पात्र लाभार्थियों को प्रति परिवार प्रति वर्ष 10 लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार उपलब्ध करवाया जा रहा है।

यह जानकारी देते हुए पंजाब हेल्थ सिस्टम्स कॉरपोरेशन के चेयरमैन स. गुरशरण सिंह छीना ने बताया कि इस योजना के तहत पंजाब के 65 लाख पात्र परिवारों को हर वर्ष 10 लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा मिल रही है। उन्होंने बताया कि जिला अमृतसर में अब तक 2 लाख 83 हजार 762 स्वास्थ्य कार्ड बनाए जा चुके हैं तथा 24 हजार 257 लाभार्थियों ने इस योजना के तहत अपना उपचार करवाया है, जिस पर 98 करोड़ 51 लाख रुपये से अधिक की राशि खर्च की जा चुकी है।

स. छीना ने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा लोगों को उनके घरों के नजदीक प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए शुरू किए गए 1,090 आम आदमी क्लीनिकों के माध्यम से अब तक 6 करोड़ से अधिक लोगों ने निःशुल्क उपचार का लाभ लिया है। इन आम आदमी क्लीनिकों में मरीजों को 107 प्रकार की दवाइयां और 47 प्रकार के डायग्नोस्टिक टेस्ट निःशुल्क उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि इसके अलावा पंजाब की सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थाओं में मरीजों को 354 प्रकार की आवश्यक दवाइयां बिल्कुल निःशुल्क उपलब्ध करवाई जा रही हैं। जिला अमृतसर में इस समय 93 आम आदमी क्लीनिक कार्यरत हैं, जबकि 52 और आम आदमी क्लीनिक जल्द खोले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिले में चल रहे आम आदमी क्लीनिकों के माध्यम से अब तक 52 लाख 95 हजार 989 लोगों ने उपचार की सुविधा प्राप्त की है।

चेयरमैन स. गुरशरण सिंह छीना ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा लोगों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रखने के उद्देश्य से “सी.एम. दी योगशाला” भी सफलतापूर्वक चलाई जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सरकार द्वारा उपलब्ध करवाई जा रही निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं।

Scroll to Top