जालंधर में दिव्यांग व्यक्ति की हत्या के मामले में बड़ी कामयाबी, 24 घंटे में पति-पत्नी गिरफ्तार
जालंधर: थाना सदर पुलिस ने घरेलू संपत्ति के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में 35 वर्षीय दिव्यांग व्यक्ति की हत्या के मामले में पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को वारदात के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया खून से सना डंडा, टूटी हुई करद, खून से सनी सीमेंट की ईंट और ऑटो भी बरामद किया है।
मामले की जानकारी देते हुए एडीसीपी-2 माधवी शर्मा ने बताया कि डीसीपी इन्वेस्टिगेशन मनप्रीत सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में थाना सदर के इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने पुलिस पार्टी के साथ कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को काबू किया।
पुलिस के अनुसार, इंस्पेक्टर संजीव कुमार पुलिस पार्टी के साथ वाई-पॉइंट प्रतापपुरा में मौजूद थे। इसी दौरान धर्मपुरा आबादी खांबड़ा में सोहांग उर्फ भोला पुत्र स्वर्गीय प्रीतम दास ने अपनी पत्नी कमलजीत कौर के साथ मिलकर घरेलू संपत्ति के बंटवारे को लेकर अपने 35 वर्षीय दिव्यांग छोटे भाई टहिल दास पर तेजधार हथियार और ईंटों से हमला कर दिया। हमले में टहिल दास गंभीर रूप से घायल हो गया।
वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल टहिल दास को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
थाना सदर पुलिस ने मृतक की माता हरबंस कौर के बयानों पर आरोपी सोहांग उर्फ भोला और उसकी पत्नी कमलजीत कौर के खिलाफ मुकदमा नंबर 314, दिनांक 16.08.2026, धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की जांच जारी है।