शिक्षक मांगों को लेकर डीटीएफ मोगा ने शिक्षा अधिकारियों से की मुलाकात

📍 स्थान / Location: मोगा 🗂️ विषय / Category: पंजाब / Punjab 📹 DTF Moga 📅 August 19, 2026

मोगा: डेमोक्रेटिक टीचर्स फ्रंट (डीटीएफ) मोगा का एक प्रतिनिधिमंडल जिला प्रधान सुखपालजीत सिंह के नेतृत्व में शिक्षक समस्याओं को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी (सेकेंडरी) मोगा आशीष कुमार शर्मा तथा उप जिला शिक्षा अधिकारी (एलीमेंट्री) निशान सिंह से मिला।प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षकों से संबंधित विभिन्न लंबित मामलों को अधिकारियों के समक्ष उठाते हुए उनके जल्द समाधान की मांग की।

कार्यकारी जिला सचिव सुखविंदर सिंह घोलियां, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गुरमीत सिंह झोरड़ा और जिला संयुक्त सचिव अमनदीप माछीके ने बताया कि तबादला हुए कई शिक्षकों को कुछ स्कूल प्रमुखों और बीपीईओ द्वारा 50 प्रतिशत स्टाफ उपलब्ध होने की शर्त लगाकर रिलीव नहीं किया जा रहा है। इस पर दोनों शिक्षा अधिकारियों ने संगठन को भरोसा दिलाया कि जिन स्कूलों में 50 प्रतिशत से अधिक स्टाफ उपलब्ध है, वहां संबंधित स्कूल प्रमुखों से बातचीत कर तबादला हुए शिक्षकों को रिलीव करने के निर्देश जारी किए जाएंगे।

प्रतिनिधिमंडल ने उप जिला शिक्षा अधिकारी (एलीमेंट्री) के समक्ष बीपीईओ कार्यालय मोगा-1 द्वारा शिक्षकों के पे रिवीजन के बकाये जारी न किए जाने पर भी कड़ा रोष जताया। अधिकारी ने आश्वासन दिया कि संबंधित बीपीईओ को निर्देश देकर बकाये जल्द जारी करवाए जाएंगे।इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल जिला खजाना अधिकारी मोगा से भी मिला और शिक्षकों के लंबित मेडिकल व अन्य बिलों का मुद्दा उठाया।

खजाना अधिकारी ने बताया कि मेडिकल और पे बिलों पर सरकार की ओर से फिलहाल रोक लगी हुई है। सरकार द्वारा रोक हटाए जाने के बाद लंबित बिलों को क्लियर कर दिया जाएगा।इस मौके पर कुलविंदर सिंह चुग्गे, नवदीप सिंह धूड़कोट, 6635 अध्यापक यूनियन से सुखचैन सिंह, सबनम, ममता, कंवलजीत सिंह सहित अन्य शिक्षक नेता मौजूद रहे।

Scroll to Top