मोगा में नशे के खिलाफ पुलिस का बड़ा अभियान, 11 आरोपी गिरफ्तार; हेरोइन और नशीली गोलियां बरामद
मोगा: नशे के खिलाफ मोगा पुलिस की ओर से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने 12 से 18 अगस्त के बीच सब-डिवीजन सिटी मोगा के अलग-अलग इलाकों में कार्रवाई करते हुए 7 मामले दर्ज किए और 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, इस दौरान 89 ग्राम हेरोइन, 1,500 नशीली गोलियां और 4 पेटियां अवैध शराब बरामद की गईं। इसके अलावा चोरी के दो बिना नंबर मोटरसाइकिल भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिए हैं।
ड्रग हॉटस्पॉट इलाकों में विशेष चेकिंग
SSP मोगा सरताज सिंह चाहल ने बताया कि ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ और ‘पिंडां दे पहरेदार’ अभियान के तहत नशे की तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। 17 अगस्त को पुलिस ने ड्रग हॉटस्पॉट माने जाने वाले इलाकों में विशेष तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान नशे, अवैध शराब और चोरी से जुड़े तीन मामले दर्ज किए गए और चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों से 53 ग्राम हेरोइन और दो चोरी के बिना नंबर मोटरसाइकिल बरामद किए।
चोरी के मामलों में भी कार्रवाई
पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए दो मोटरसाइकिल बरामद किए गए। इसके अलावा थाना सिटी मोगा में दर्ज एक मामले के दौरान पुलिस ने एक खिलौना पिस्तौल और 18 जिंदा पटाखा कारतूस बरामद किए। वहीं थाना सदर मोगा के वर्ष 2022 के एक मामले में वांछित आरोपी सरबजीत सिंह पुत्र बूटा सिंह, निवासी सोसण को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया।
8 लोगों को नशा मुक्ति केंद्र भेजा
पुलिस की कार्रवाई केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रही। नशे की लत से बाहर निकालने के उद्देश्य से पुलिस ने 8 लोगों को नशा मुक्ति केंद्र जनेर में दाखिल करवाया। पुलिस और प्रशासन की ओर से युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए पंचायतों, खेल क्लबों और गांव के प्रमुख लोगों के साथ जागरूकता बैठकें भी की जा रही हैं।
10 गांवों में लोगों से किया संपर्क
नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान के तहत नाहल खोटे, झंडेयाला, मंडीरां, झंडेयाणा गरबी, साफूवाला, दद्दाहूर, खुखराना, जोगेवाला, रत्तियां और सोसण समेत 10 गांवों में बैठकें की गईं। इन बैठकों में लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी गई और युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस ने लोगों से अपील की कि यदि उनके आसपास नशे की तस्करी से जुड़ी कोई गतिविधि सामने आती है तो इसकी जानकारी पुलिस को दें। अधिकारियों ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में पुलिस के साथ आम लोगों की भागीदारी भी जरूरी है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।