Moga: रेलवे ट्रैक से बरामद हुए शव की नहीं हुई पहचान, समाज सेवा सोसायटी ने किया अंतिम संस्कार
मोगा: पिछले दिनों रेलवे ट्रैक से बरामद हुए एक अज्ञात व्यक्ति के शव की 72 घंटे तक पहचान न होने के बाद आज समाज सेवा सोसायटी द्वारा विधिवत एवं सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार किया गया।
जानकारी के अनुसार रेलवे ट्रैक से शव मिलने के बाद रेलवे पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पहचान के लिए 72 घंटे तक मुर्दाघर में रखा गया था।इस दौरान पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ समाजसेवा से जुड़े लोगों ने भी मृतक की पहचान करवाने के लिए प्रयास किए।
मृतक की तस्वीर भी सार्वजनिक रूप से साझा की गई, ताकि उसके परिजनों या परिचितों तक सूचना पहुंच सके। इसके बावजूद 72 घंटे बीत जाने के बाद भी मृतक की पहचान नहीं हो सकी और न ही उसके परिवार के बारे में कोई जानकारी मिल पाई। इसके बाद रेलवे अधिकारियों द्वारा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी किए जाने पर समाज सेवा सोसायटी के सदस्यों ने शव को अपने जिम्मे लेते हुए उसका सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार करवाया।
सोसायटी के सदस्यों ने कहा कि मानवता की सेवा के तहत संस्था द्वारा ऐसे मामलों में आगे बढ़कर जिम्मेदारी निभाई जाती है। जब किसी अज्ञात व्यक्ति के परिजनों का पता नहीं चल पाता, तो उसका अंतिम संस्कार पूरे सम्मान के साथ करवाना भी समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी है।
सोसायटी ने आम लोगों से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति को उक्त मृतक की पहचान अथवा उसके परिवार के संबंध में कोई जानकारी हो तो वह तुरंत समाज सेवा सोसायटी या संबंधित पुलिसअधिकारियों से संपर्क करे, ताकि मृतक के परिवार तक सूचना पहुंचाई जा सके।