जालंधर में ‘वन जज वन ट्री’ अभियान की शुरुआत, स्कूलों में लगाए गए पौधे
कपूरथला रोड स्थित स्टेट स्कूल ऑफ़ स्पोर्ट्स और रेडीडेंशियरल स्कूल फॉर मैरिटोरियस स्टूडेंट्स में ‘मिशन वन जज वन ट्री’ अभि
जालंधर: पर्यावरण संरक्षण और युवाओं को हरियाली के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जालंधर में ‘वन जज, वन ट्री’ अभियान की शुरुआत की गई। कपूरथला रोड स्थित स्टेट स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स और रेजिडेंशियल स्कूल फॉर मेरिटोरियस स्टूडेंट्स में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सेशन जज प्रिया सूद की अगुवाई में न्यायिक अधिकारियों ने पौधारोपण किया।
युवाओं को हरियाली से जोड़ने की पहल
इस अवसर पर सेशन जज प्रिया सूद ने कहा कि मानसून का समय पौधारोपण के लिए काफी अच्छा होता है। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक पौधे लगाकर युवाओं को स्वच्छ और हरे-भरे वातावरण का महत्व समझाना है। उन्होंने कहा कि स्कूलों में इस मुहिम की शुरुआत इसलिए की गई है, ताकि विद्यार्थी खुद पौधों की देखभाल करें और अपने आसपास के लोगों को भी पर्यावरण बचाने के लिए प्रेरित करें।
50 पौधे लगाने का लक्ष्य
प्रिया सूद ने बताया कि अभियान के तहत फिलहाल करीब 50 पौधे लगाए जा रहे हैं और आने वाले समय में पौधारोपण का दायरा बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पेड़ वातावरण को साफ रखने के साथ-साथ लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों और आसपास की खाली जगहों पर फलदार, औषधीय और छायादार पौधे लगाएं। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि अधिक पेड़ लगाने से आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर वातावरण तैयार किया जा सकता है।
पेड़ों की कटाई पर चिंता
सेशन जज ने लगातार हो रही पेड़ों की कटाई से पर्यावरण पर पड़ रहे असर को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि प्रदूषण को कम करने और प्रकृति का संतुलन बनाए रखने के लिए पौधारोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल भी जरूरी है।