20 और गांवों को मिलेगा नहर का पानी, 31.39 करोड़ रुपये की नहर परियोजनाओं का मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने किया उद्घाटन

📍 स्थान / Location: Bathinda 🗂️ विषय / Category: पंजाब / Punjab 📹 Canal projects 📅 August 19, 2026

बठिंडा: पंजाब के जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने बठिंडा में कई जगहों पर नहर परियोजनाओं का उद्घाटन किया। उन्होंने मौड़ विधानसभा क्षेत्र के गांव जोधपुर पखर और बठिंडा ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के गांव कोटशमीर में कुल 31.39 करोड़ रुपये की नहर परियोजनाओं का उद्घाटन किया, जिससे अब 11,612 एकड़ अतिरिक्त इलाके तक नहर का पानी पहुंचेगा।

गांव जोधपुर पखर में विधायक सुखवीर सिंह मैसरखाना ने लड्डू बांटे और मंत्री बरिंदर कुमार गोयल का धन्यवाद किया। इस मौके पर मीडिया से बात करते हुए मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने राज्य के गांवों में नहर के पानी के लिए 7500 करोड़ रुपये की सिंचाई परियोजनाएं दी हैं, ताकि हमारा राज्य और हमारे किसान खुशहाल हो सकें।

उन्होंने बताया कि गांव जोधपुर पखर में भाई बख्तौर लिंक चैनल का काम 1 करोड़ 13 लाख रुपये की लागत से किया गया है, जिससे अब सिंचाई के लिए 63.18 एकड़ अतिरिक्त इलाके को नहर का पानी मिल सकेगा।

इसी तरह, गांव कोटशमीर में उन्होंने बताया कि 27.85 करोड़ रुपये की लागत से 31 किलोमीटर लंबी डिस्ट्रीब्यूटरी (वितरण नहर) को पक्का किया गया है, जिससे 17 गांवों के किसानों को फायदा होगा और 35,417 एकड़ इलाका नहर के पानी से सिंचाई के दायरे में आएगा। इन 17 गांवों में गिल कलां, रामपुरा, लेहरा धुरकोट, लेहरा सोंधा, कोडा कोटरा, लेहरा मोहब्बत, लेहरा खाना, बालियांवाली, चक बख्तू, चक फतेह सिंह वाला, चक राम सिंह वाला, मानसा खुर्द, रायखाना, धन सिंह खाना, कोटफट्टा, कोटभारा और कोटशमीर शामिल हैं।

इसी तरह, करतार सिंह वाला सब-माइनर की टेलरेस (अंतिम छोर) को मजबूत करने का काम भी पूरा कर लिया गया है। 0.45 करोड़ रुपये की लागत वाली यह परियोजना 2.02 किलोमीटर लंबी है। इससे कोटशमीर, गेहरी और कतार सिंह वाला गांवों के किसानों को फ़ायदा होगा।

उन्होंने शेरगढ़ माइनर, गेहरी माइनर और खालों के नवीनीकरण का उद्घाटन किया, जिससे कोटशमीर, नसीबपुरा और गेहरी भागी गांवों के किसानों को लाभ मिलेगा।

मंत्री वरिंदर कुमार गोयल ने कहा कि नहरों के नवीनीकरण और नए निर्माण से पानी की बचत होगी, ट्यूबवेल पर किसानों की निर्भरता कम होगी, बिजली बचेगी और सिंचाई का खर्च भी घटेगा। इससे किसानों की आय बढ़ाने और टिकाऊ खेती को बढ़ावा देने के सरकार के लक्ष्यों को भी मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार राज्य के हर हिस्से में सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी ऐसी विकास परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा, ताकि खेती के लिए ज़रूरी सभी बुनियादी सुविधाएं किसानों को समय पर उपलब्ध कराई जा सकें।

Scroll to Top