सरकारी स्कूल व आंगनवाड़ी केंद्र को पंजाब एंड सिंध बैंक ने दिया जरूरी सामान, सरकार की नई योजनाओं के बारे में किया जागरूक
अमृतसर: पंजाब एंड सिंध बैंक के रीजनल ऑफिस ने थापरखेड़ी गांव के सरकारी स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र को वॉटर कूलर, कुर्सियां, मेज और अन्य ज़रूरी सामान उपलब्ध कराए। यह पहल बैंक की सामाजिक ज़िम्मेदारी के तहत रीजनल मैनेजर गुरमीत सिंह की देखरेख में की गई।
इस मौके पर बैंक के चीफ जनरल मैनेजर राजिंदर कुमार रैगर मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। उन्होंने कहा कि बच्चों को अच्छी शिक्षा देने के लिए बुनियादी सुविधाओं का होना भी ज़रूरी है। उन्होंने बैंक की इस पहल की तारीफ़ की। उन्होंने लोगों को सरकार की नई योजनाओं के बारे में बताया और उनसे इनका फ़ायदा उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं के बारे में लोगों में जागरूकता फैलाना आज की ज़रूरत है।
इस मौके पर गांव की सरपंच बलजीत कौर, पूर्व सरपंच लखबीर सिंह, बैंक के कर्मचारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे। स्कूल प्रशासन और ग्रामीणों ने बैंक अधिकारियों का धन्यवाद किया और कहा कि उपलब्ध कराया गया सामान बच्चों के लिए बहुत काम का साबित होगा।